सरगुजा जिले के ग्राम दरिमा में शराब दुकान के पास एक खेत में बुधवार सुबह लावारिस हाल में पड़ी नवजात बच्ची मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मुख्य सड़क से करीब 500 मीटर अंदर खेत से आ रही नवजात की रोने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने उसे सकुशल बाहर निकाला और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) दरिमा पहुंचाया।
डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के प्राथमिक इलाज के बाद बच्ची को बेहतर देखभाल के लिए डायल 112 वाहन की मदद से जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह दरिमा में कुछ लोग रोज की तरह मुख्य मार्ग से भीतर खेत की दिशा में घूमने निकले थे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों और खेत के बीच से किसी नवजात शिशु के बिलखने की आवाज आई।
पास जाकर देखने पर कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची पड़ी मिली। ग्रामीणों ने बिना देर किए बच्ची को उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार, सही समय पर मिल जाने के कारण नवजात बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित है।
घटना की सूचना तुरंत दरिमा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अज्ञात कलयुगी मां व परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पतासाजी शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के गांवों और अस्पतालों में हाल ही में हुए प्रसव के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि बच्ची को खेत में फेंकने वाले जिम्मेदारों का पता लगाया जा सके।



