Homeप्रदेशभ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकार निधि से...

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकार निधि से बन रही सीसी सड़क!

जशपुर विधायक द्वारा ग्राम पंचायत चड़िया में कराया जा रहा निर्माण, गुणवत्ता और सड़क की मोटाई पर उठे गंभीर सवाल

जशपुरनगर -; क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखने के उद्देश्य से जनता अपने जनप्रतिनिधियों को चुनकर विधानसभा भेजती है। लेकिन जब जनप्रतिनिधि निधि से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर ही सवाल उठने लगें, तो विकास कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो जाते हैं।
ताजा मामला जशपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत चड़िया का है, जहां जशपुर विधायक द्वारा अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकार निधि के माध्यम से सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता और मोटाई को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीसी रोड निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ समझौता किया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ताविहीन और घटिया तरीके से ढलाई की जा रही है, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की मोटाई निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं दिखाई दे रही है। आरोप लगाया जा रहा है कि सड़क की मोटाई आठ इंच दिखाने के लिए किनारे में गड्ढे खोदकर अधिक मोटाई प्रदर्शित करने की कोशिश की गई, जबकि सड़क के अधिकांश हिस्से में केवल करीब तीन इंच ढलाई किए जाने का दावा किया जा रहा है।
यदि ग्रामीणों के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला बेहद गंभीर हो सकता है। सवाल केवल निर्माण एजेंसी पर ही नहीं, बल्कि निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले अधिकारियों और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर भी खड़े होते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस विधायक को जनता ने क्षेत्र के विकास के लिए चुना है, उसी विधायक की निधि से कराए जा रहे निर्माण कार्य में यदि गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।
लोगों ने मांग की है कि जशपुर विधायक द्वारा ग्राम पंचायत चड़िया में कराए जा रहे इस सीसी रोड निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाए। सड़क की वास्तविक मोटाई, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार निर्माण कार्य हो रहा है या नहीं, इसकी जांच संबंधित तकनीकी अधिकारियों द्वारा की जानी चाहिए।
जनता का कहना है कि सरकारी राशि से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। सड़क बनने के कुछ समय बाद ही खराब हो जाए, तो इसका सीधा नुकसान ग्रामीणों और आम नागरिकों को उठाना पड़ता है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ग्राम पंचायत चड़िया में जशपुर विधायक द्वारा कराया जा रहा सीसी रोड निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुसार हो रहा है? क्या सड़क की वास्तविक मोटाई और गुणवत्ता स्वीकृत मानकों के अनुरूप है?
ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए और यदि निर्माण कार्य में अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
फिलहाल, जशपुर विधायक द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य को लेकर उठ रहे सवालों ने क्षेत्र में चर्चा तेज कर दी है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या जांच और कार्रवाई करते हैं।

वही जनपद पंचायत मनोरा के एसडीओ ने मामले में संबंधित को नोटिस जारी करने एवं जांच करने का आश्वासन दिया है

RELATED ARTICLES

Most Popular