
जशपुरनगर-: जिले के सन्ना स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कक्षा 9वीं में अध्ययनरत एक छात्रा पिछले चार दिनों से स्कूल (छात्रावास) से लापता है। हैरानी की बात यह है कि इस संबंध में न तो स्कूल प्रबंधन ने छात्रा के परिजनों को समय पर सूचना दी और न ही नजदीकी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों के अनुसार, उन्हें इस घटना की जानकारी देर से मिली, जिसके बाद उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि उनकी बेटी अभी तक घर नहीं पहुंची है। इस मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।सूत्रों के अनुसार, विद्यालय के प्राचार्य रूपेंद्र सिंह की लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आ रही है। इतनी गंभीर घटना के बावजूद समय पर कार्रवाई न करना और सूचना छिपाना प्रशासनिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों में इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि आवासीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन इस प्रकार की लापरवाही बेहद चिंताजनक है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और लापता छात्रा का पता कब तक लगाया जाता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संजय सिंह सहायक आयुक्त जशपुर से संपर्क किया गया तो उन्हानें साफ तौर पर कहा कि इस मामले की जानकारी मुझे अभी तक नहीं है और न ही किसी ने मुझे बताया है प्रिंसिपल से बात कर आगे की कार्यवाही किया जाएगा।



