
जशपुरनगर -: जशपुर नगर पालिका परिषद से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के कार्यालय को सील कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जशपुर एसडीएम के आदेश पर की गई है।

हालांकि, इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय सूचना तंत्र से मिली जानकारी के मुताबिक सीएमओ के कार्यालय में बीते कई दिनों से उनकी अनुपस्थिति और अधिकारियों के फोन कॉल रिसीव नहीं किए जाने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की गई है।
सूत्रों के अनुसार, सीएमओ के लगातार कार्यालय से नदारद रहने और जरूरी प्रशासनिक समन्वय में कथित रूप से कमी को लेकर उच्च अधिकारियों की ओर से संज्ञान लिया गया। इसके बाद एसडीएम जशपुर के आदेश पर सीएमओ कार्यालय को सील किए जाने की बात सामने आ रही है।
कार्यालय के बाहर ‘सील्ड’ का नोटिस चस्पा किए जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। हालांकि, कार्यालय को सील करने की वास्तविक वजह और प्रशासन की ओर से इस संबंध में क्या कार्रवाई की गई है, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

अब इस मामले में प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, सीएमओ कार्यालय को सील किए जाने की कार्रवाई जशपुर नगर पालिका में चर्चा का विषय बनी हुई है।



