
जशपुरनगर -: नगर पंचायत कुनकुरी में विकास कार्यों के टेंडर को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि पहले से स्वीकृत और अनुबंधित कार्यों के बावजूद उन्हीं वार्डों और समान प्रकृति के कार्यों के लिए दोबारा ₹50 लाख का नया टेंडर जारी कर दिया गया। इस मामले ने नगर पंचायत की तकनीकी शाखा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, नगर पंचायत ने 19 मई 2026 को निविदा सूचना क्रमांक 182/2026 (सिस्टम टेंडर क्रमांक 191327 एवं 191329) जारी कर वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक जोनल मरम्मत, संधारण एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग ₹50 लाख का टेंडर जारी किया था। यह कार्य नियमानुसार मेसर्स एस. एस. कंस्ट्रक्शन को आवंटित किया गया और अनुबंध वर्तमान में प्रभावी बताया गया है।
इसके बाद 9 जुलाई 2026 को निविदा सूचना क्रमांक 382/2026 (सिस्टम टेंडर क्रमांक 195131) के माध्यम से इन्हीं वार्डों में वाटर सेक्टर, बोर खनन, मरम्मत एवं विकास कार्यों के लिए फिर से लगभग ₹50 लाख का नया टेंडर जारी कर दिया गया।
इसी दोहरी निविदा प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि जब संबंधित कार्यों का अनुबंध पहले से प्रभावी था, तब समान कार्यों के लिए दोबारा निविदा जारी करने की आवश्यकता क्यों पड़ी। शिकायत में इसे वित्तीय नियमों के उल्लंघन और सरकारी राशि के संभावित दुरुपयोग से जोड़ते हुए जांच की मांग की गई है।
मेसर्स एस. एस. कंस्ट्रक्शन ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को लिखित शिकायत सौंपकर नई निविदा को तत्काल निरस्त करने और पूर्व अनुबंध की अवधि समाप्त होने तक नई निविदा प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है।
शिकायत की प्रतिलिपि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक, संयुक्त संचालक सरगुजा संभाग तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी भेजी गई है। अब यह देखना होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।



