HomeUncategorizedरमेश केशरी और प्रियांशु उर्फ रिशु केशरी पर एक ही जमीन की...

रमेश केशरी और प्रियांशु उर्फ रिशु केशरी पर एक ही जमीन की दो बार रजिस्ट्री का आरोप, डीजीपी तक पहुंचा मामला

जशपुरनगर: सन्ना तहसील क्षेत्र में एक ही जमीन की कथित दोहरी रजिस्ट्री का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से एक ही जमीन की दो बार रजिस्ट्री कराई गई। एक साल से कार्रवाई नहीं होने पर उसने पुलिस अधीक्षक जशपुर और छत्तीसगढ़ के डीजीपी से शिकायत कर न्याय की मांग की है।

मामला ग्राम सन्ना के खसरा नंबर 1764/2278/6 की 0.29 हेक्टेयर भूमि से जुड़ा है। दुलदुला निवासी रविकांत शर्मा का कहना है कि उन्होंने करीब 11 वर्ष पहले यह जमीन रमेश केशरी से खरीदी थी और रजिस्ट्री व नामांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी।

पीड़ित का आरोप है कि ऑनलाइन रिकॉर्ड की खामी का फायदा उठाकर रमेश केशरी और उनके भतीजे प्रियांशु केशरी उर्फ रिशु केशरी ने संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री कराकर उसे प्रियांशु के नाम दर्ज करा लिया।

पीड़ित का कहना है कि उन्होंने थाना सन्ना, पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर जशपुर से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने डीजीपी को भी शिकायत भेजी है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया है।

शिकायत में प्रियांशु उर्फ रिशु केशरी पर जमीन संबंधी कई मामलों के लंबित होने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि डीजीपी तक पहुंची शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular