HomeUncategorizedछत्तीसगढ़ में बारिश का दौर कमजोर, अगले 4-5 दिन कई जिलों में...

छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर कमजोर, अगले 4-5 दिन कई जिलों में मौसम ड्राई रहने की संभावना

छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अब कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम ड्राई रहा। सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर ही हल्की बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों में भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम ड्राई रहने की संभावना है। हालांकि, आज (मंगलवार) प्रदेश में एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

सोमवार को राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था। रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 24.1 डिग्री रहा।

रायपुर में आज (29 सितंबर) बादल छाए रह सकते हैं। दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा आगे बढ़ रही है। वहीं उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 3.1 से 4.5 किमी की ऊंचाई पर साइक्लोन सर्कुलेशन बना हुआ है।

इस बीच, बस्तर में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से हुई मूसलाधार बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर 50 साल में सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। नदी का पानी 12.39 मीटर तक पहुंच गया, जो 9 जुलाई 1973 को दर्ज 12.18 मीटर के पुराने रिकॉर्ड से 21 सेंटीमीटर ज्यादा है।

जगदलपुर में बाढ़ से हुई तबाही की ड्रोन तस्वीरों में कई निचले इलाके पानी से घिरे नजर आ रहे हैं। बाढ़ के कारण 833 लोगों का रेस्क्यू किया गया और 65 शिविरों में 8,894 लोग रह रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular