
जशपुरनगर- जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोढ़ेना पाठ में कथित झोलाछाप डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद एक महिला की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शांति यादव, पति झगरू यादव, निवासी लोढ़ेना पाठ के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और बिना चिकित्सकीय योग्यता के ग्रामीण इलाकों में इलाज करने वालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ही युवक जितेंद्र यादव द्वारा महिला को इंजेक्शन लगाया गया था। इंजेक्शन लगाए जाने के बाद महिला की मौत हो गई। इस घटना ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और गांवों में सक्रिय कथित अवैध चिकित्सा गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
बताया जा रहा है कि संबंधित युवक जितेंद्र यादव पहले भी गांव में घूम-घूमकर लोगों को इंजेक्शन लगाता था और इलाज करता था। युवक ने खुद स्वीकार किया है कि उसके पास इलाज करने से संबंधित कोई चिकित्सकीय डिग्री नहीं है। उसका कहना है कि वह पहले भी गांव में लोगों को इंजेक्शन लगाता रहा है, लेकिन इससे पहले ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी। इस बार ऐसा कैसे हो गया, इसकी जानकारी उसे नहीं है।
बिना डिग्री इलाज करने वालों पर कौन लगाएगा लगाम?
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बिना किसी मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय डिग्री और योग्यता के कोई व्यक्ति गांव में घूम-घूमकर लोगों का इलाज कैसे कर रहा था? क्या स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी नहीं थी? यदि जानकारी थी, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह कथित झोलाछाप चिकित्सकों की मौजूदगी लोगों की जान के लिए खतरा बन सकती है। यह मामला केवल एक महिला की मौत तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है।फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारण, इंजेक्शन और मृत्यु के बीच संबंध तथा पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामले में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की जांच और कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।
अब देखने वाली बात होगी कि इस गंभीर मामले में जिम्मेदार विभाग क्या कार्रवाई करते हैं और क्या बिना डिग्री इलाज करने वाले युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है।



