जशपुरनगर -: खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शहर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित होने वाली स्व.शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव मेमोरियल फ्लड लाइट टेनिस बॉल अंतर्राज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 अप्रैल से होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आयोजन समिति के अनुसार, यह प्रतियोगिता प्रदेश ही नहीं बल्कि अंतर्राज्यीय स्तर पर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करेगी। फ्लड लाइट में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
प्रतियोगिता को और रोमांचक बनाने के लिए विजेता टीम को ₹3,11,111 (तीन लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपए) की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं उपविजेता टीम को ₹1,51,111 (एक लाख इक्यावन हजार एक सौ ग्यारह रुपए) का इनाम दिया जाएगा। साथ ही मेन ऑफ द सीरीज को आकर्षक बाइक उपहार पर दिया जाएगा,एवं प्रत्येक मैच पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार दिया जाएगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी के कार्यक्रम में शामिल होने की खबर से युवाओं में खासा जोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय खिलाड़ियों का कहना है कि इस तरह के बड़े आयोजनों से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलते रहता है।
यह प्रतियोगिता न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगी, बल्कि क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए अपनी पहचान बनाने का सुनहरा अवसर भी साबित होगी। आयोजकों ने बड़ी संख्या में दर्शकों से कार्यक्रम में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।




