HomeUncategorizedपत्थलगांव के प्रीमैट्रिक कन्या छात्रावास का वीडियो वायरल परीक्षा से पहले छात्राओं...

पत्थलगांव के प्रीमैट्रिक कन्या छात्रावास का वीडियो वायरल परीक्षा से पहले छात्राओं से कराई जा रही गोबर से लिपाई; जांच के निर्देश

जशपुरनगर – : जिले के पत्थलगांव स्थित प्रीमैट्रिक कन्या छात्रावास का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में छात्रावास की छात्राओं से परिसर को गोबर-पानी से लिपवाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
दरअसल, जिन छात्राओं के हाथों में किताब और कॉपी होनी चाहिए, उनसे छात्रावास परिसर की साफ-सफाई कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि छात्राओं को झाड़ू पकड़ाकर कैंपस की सफाई और गोबर से लिपाई का काम कराया गया। जबकि छात्रावास में स्वीपर, प्यून और चौकीदार जैसे कर्मचारी भी पदस्थ बताए जा रहे हैं। ऐसे में छात्राओं से इस तरह का कार्य कराए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर जब पत्थलगांव के SDM ऋतुराज सिंह बिसेन से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के लिए मंडल संयोजक को निर्देशित किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


वहीं दूसरी ओर छात्राओं की वार्षिक परीक्षाएं भी नजदीक हैं, इसके बावजूद उनसे श्रमदान के नाम पर इस तरह का कार्य कराए जाने की चर्चा क्षेत्र में हो रही है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular