HomeUncategorizedआयुष्मान कार्ड से फर्जी इलाज की शिकायतों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा...

आयुष्मान कार्ड से फर्जी इलाज की शिकायतों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, छत्तीसगढ़ के 100 से ज्यादा अस्पतालों में छापेमारी

छत्तीसगढ़ में आयुष्मान कार्ड से फर्जी इलाज किए जाने की शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने राज्य के 100 से ज्यादा अस्पतालों में छापा मारा है। बताया जा रहा है कि आयुष्मान कार्ड से फर्जी इलाज की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद बुधवार को विभाग ने यह कार्रवाई की।

इन अस्पतालों में रायपुर समेत कई जिलों के सरकारी और प्राइवेट अस्पताल व नर्सिंग होम शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने एक साथ इन अस्पतालों में छापेमारी की। विभाग की अलग-अलग टीमें अस्पतालों में पहुंची हैं।

टीमें आयुष्मान कार्ड से किए गए इलाज और उससे जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि आयुष्मान कार्ड से कितने मरीजों का इलाज चल रहा है और वास्तव में मरीजों का इलाज किया जा रहा है या डमी पेशेंट के नाम पर इलाज दिखाया गया है।

दैनिक भास्कर ने आयुष्मान योजना में चल रहे इस फर्जीवाड़े की पड़ताल के लिए 22 दिनों तक स्टिंग ऑपरेशन किया था। पड़ताल के दौरान 15 से ज्यादा प्राइवेट अस्पतालों में जांच की गई। इस पड़ताल में अस्पतालों में डमी मरीजों की भर्ती, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर इलाज दिखाने और क्लेम के बदले दलालों को कमीशन देने की जानकारी सामने आई थी।

28 सितंबर को भास्कर ने इस पूरे खेल का खुलासा करते हुए खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर विभाग की टीम ने रायपुर के कुछ निजी अस्पतालों में दबिश देकर मौके पर मरीजों, अस्पताल के रिकॉर्ड और आयुष्मान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। अब 100 से ज्यादा अस्पतालों में जांच जारी है।

भास्कर की पड़ताल में सामने आया था कि आयुष्मान कार्ड वाले गरीब लोगों को कमीशन का लालच देकर रायपुर लाया जा रहा था। अस्पतालों में बिना गंभीर बीमारी के मरीजों को भर्ती दिखाकर उनके हाथ में कैनुला और पट्टियां लगाई जा रही थीं। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 1 से 2 लाख रुपए तक के क्लेम बनाए जा रहे थे। इस पूरे खेल में दलालों को 10 से 15% तक कमीशन देने की बात भी सामने आई थी।

जानकारी के मुताबिक, बीजू स्वास्थ्य कार्ड में भी फर्जीवाड़ा हुआ है। बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना ओडिशा सरकार की योजना है। छत्तीसगढ़ के कुछ अस्पतालों में भी पात्र मरीजों को इलाज की सुविधा मिलती है। इसके तहत पात्र परिवारों को सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है। अस्पताल में मरीज की पात्रता और इलाज से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के बाद योजना के तहत इलाज किया जाता है।

आयुष्मान कार्ड स्मार्ट कार्ड छत्तीसगढ़ की पुरानी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना में इस्तेमाल होता था। बाद में इसे केंद्र की आयुष्मान योजना के साथ जोड़ा गया। आयुष्मान कार्ड केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र परिवारों को दिया जाता है। छत्तीसगढ़ में अब आयुष्मान कार्ड/ई-कार्ड के जरिए रजिस्टर्ड हॉस्पिटलों में योजना के तहत इलाज की सुविधा मिलती है।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन अस्पतालों में क्या गड़बड़ी मिली है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

इससे जुड़ी एक अन्य खबर के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में इलाज के दौरान लापरवाही के 4 अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिनमें 4 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 2 महिला और 2 बच्चे शामिल हैं। कोंडागांव जिले में एक लैब टेक्नीशियन ने 32 वर्षीय महिला को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular