HomeUncategorizedबाढ़ के बाद शबरी पुल की हालत और जर्जर, वाहनों की आवाजाही...

बाढ़ के बाद शबरी पुल की हालत और जर्जर, वाहनों की आवाजाही बंद, व्यापार प्रभावित

शिवरीनारायण बाढ़ के पहले ही बदहाल शबरी पुल की हालत बाढ़ के बाद और भी जर्जर हो गई है। बाढ़ के पहले ही शबरी पुल की हालत काफी खराब थी। पुल पर जगह-जगह गड्ढे व दरारें हो चुकी हैं। कई जगहों पर पुल में लगा सरिया भी बाहर झांकने लगा है। बाढ़ के बाद अब शबरी पुल की स्थिति और भी खराब हो गई है। पुल के जिस तरफ के हिस्से की मरम्मत हुई थी, बाढ़ में अब उस तरफ भी कई जगहों पर डामर की परत उखड़ कर बह चुकी है। बाढ़ के बाद पुल पर दोनों ओर लगे पाइपों पर भारी मात्रा में कचरा जमा हो गया है।

26 सितम्बर शनिवार को महानदी का जलस्तर सुबह से काफी तेजी से बढ़ा और शाम 4 बजे शबरी पुल के ऊपर पानी आ गया। सोमवार शाम 4 बजे महानदी का जलस्तर शबरी पुल से नीचे आया। लगातार 24 घंटे तक पुल के ऊपर पानी रहा। शबरी पुल के ऊपर काफी तेज बहाव के साथ 5 फीट तक पानी चल रहा था। पुल पर दोनों ओर लगे लोहे के पाइपों में भारी मात्रा में कचरा जमा हो गया, जिससे तेज बहाव के कारण शबरी पुल पर दबाव और बढ़ गया। पुल के कई हिस्सों में डामर की परत उखड़कर बह गई।

शबरी पुल पर अनेकों जगहों से लोहे का पाइप टूटकर बह गया है। पहले से बदहाल शबरी पुल की हालत और भी खराब हो गई। सोमवार की शाम बाढ़ का पानी शबरी पुल से नीचे आने के बाद अधिकारियों ने शबरी पुल का निरीक्षण किया। बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल की हालत को देखते हुए अधिकारियों ने शबरी पुल पर बाइक, कार सहित अन्य गाड़ियों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी। सिर्फ पैदल लोगों को आने-जाने दिया जा रहा था।

शबरी पुल पर कचरा हटाने व गड्ढे भरने का काम चल रहा है, जो अब भी अधूरा है। अधिकारियों का कहना है कि पुल के गड्ढे भरने के बाद शबरी पुल पर गाड़ियों का आवागमन शुरू कराया जाएगा। मंगलवार शाम 6 बजे बाइक सवार लोगों को भी आने-जाने की अनुमति दे दी गई। बड़ी गाड़ियों को अब भी आवागमन के लिए अनुमति का इंतजार है।

शिवरीनारायण नगर आध्यात्मिक, राजनीतिक केंद्र के साथ ही एक बड़ा व्यापारिक केंद्र भी है। नगर में सभी प्रकार की चिलहर के साथ-साथ थोक दुकानें भी स्थित हैं। आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में लोग सामान खरीदी के लिए नगर पहुंचते हैं। शबरी पुल को पार कर बलौदाबाजार जिले से भी रोजाना भारी संख्या में लोग खरीदी करने नगर आते हैं। शबरी पुल के ऊपर पानी आने पर पहले ही 3 दिनों तक नगर का व्यापार प्रभावित रहा। अब बाढ़ कम होने के बाद भी शबरी पुल में गाड़ियों का आवागमन बंद होने से नगर का व्यापार काफी प्रभावित हो रहा है।

शबरी पुल पर आवागमन बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बलौदाबाजार जिले के लोग रोजाना विभिन्न कार्यों से शबरी पुल पार कर जांजगीर-चांपा जिला आते हैं, तो वहीं जांजगीर जिले के लोग भी रोज पुल पार कर बलौदाबाजार जाते हैं। शबरी पुल पर आवागमन बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी पूरे दिन बाइक तक को चलने की अनुमति नहीं मिली थी। जरूरी कामों से लोग मजबूरी में पुल के दूसरी ओर अपनी गाड़ियां खड़ी कर कड़ी धूप में पैदल पुल को पार करने पर मजबूर रहे।

शबरी पुल पर लगे लोहे के पाइपों को नहीं निकाला गया, जिससे लापरवाही के चलते पुल पर दबाव बढ़ा और कई जगहों पर पाइप टूटकर बह गए। शबरी पुल पर दोनों ओर खम्भों के साथ लोहे के पाइप लगे हैं। प्रतिवर्ष बारिश के सीजन के पूर्व लोक निर्माण विभाग द्वारा इन पाइपों को निकाल दिया जाता था और बारिश का सीजन खत्म होने के बाद फिर लगाया जाता। लेकिन इस वर्ष बारिश के सीजन तो दूर बाढ़ की सूचना के बाद भी पुल से पाइपों को नहीं निकाला गया।

बाढ़ आने पर पुल के दोनों ओर लगे पाइपों पर भारी मात्रा में कचरा जमा हो गया। साथ ही तेज बहाव से पुल पर दबाव भी बढ़ गया, जिससे पुल कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया। पुल पर लगी लोहे की पाइप भी कई जगहों से टूटकर बह गई है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। जिसके कारण साफ-सफाई और मरम्मत के चलते लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular