HomeUncategorizedकोंडागांव के मोहपाल में सरपंच की संदिग्ध मौत, शरीर पर चोट के...

कोंडागांव के मोहपाल में सरपंच की संदिग्ध मौत, शरीर पर चोट के निशान मिले

कोंडागांव के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहपाल में सरपंच मंगल सिंह मरकाम (56) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह उनका शव गांव के तालाब के पास मिला। शरीर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर खून के निशान और संघर्ष के संकेत मिलने के बाद परिजनों ने उनकी हत्या की आशंका जताई है।

परिजनों के मुताबिक, मंगल सिंह मंगलवार शाम करीब 6 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वे पंचायत कार्यालय जा रहे हैं। देर रात तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिवार को लगा कि वे गांव में मौजूद दूसरे घर में रुक गए होंगे। बुधवार सुबह तालाब के पास मंगल सिंह के संदिग्ध हालत में पड़े होने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें फरसगांव अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर मंगल सिंह की बाइक मिली। वहीं खेत के किनारे रॉड और डंडे पड़े मिले। शरीर पर चोट के निशान और मौके पर खून के निशान मिलने के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि मंगल सिंह पर हमला कर उनकी हत्या की गई होगी। हालांकि हत्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मृतक सरपंच के बेटे विक्रम मरकाम ने बताया कि मंगलवार शाम उनकी पिता से मुलाकात हुई थी। उन्होंने पिता से पूछा था कि वे कहां जा रहे हैं, जिस पर उन्होंने पंचायत जाने की बात कही थी। इसके बाद बुधवार सुबह उनका शव मरघट रोड पर पड़ा मिला। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

विक्रम के मुताबिक, पिता के शरीर पर सिर और पैर में चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने आशंका जताई कि उनके साथ मारपीट की गई है और उनकी हत्या की गई है। हालांकि, परिवार को यह जानकारी नहीं है कि वारदात किसने की।

सूचना मिलते ही बड़ेडोंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से मिले संदिग्ध सामान और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मंगल सिंह की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular