
आरडीए जमीन आवंटन विवाद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को मंत्री केदार कश्यप पर निशाना साधा। रायपुर में मीडिया से बातचीत में उन्होंने केदार कश्यप से जुड़े पुराने परीक्षा प्रकरण का जिक्र करते हुए मौजूदा विवाद पर सवाल उठाए। पूर्व सीएम बघेल ने कहा कि केदार कश्यप ऐसे मामलों में पहले भी घिर चुके हैं।
RDA जमीन आवंटन से जुड़े सवाल पर बघेल ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान केदार कश्यप की पत्नी से जुड़ा परीक्षा विवाद सामने आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी की जगह किसी अन्य महिला के परीक्षा देने का मामला सामने आने के बाद इसे ले-देकर खत्म कर दिया गया। बघेल ने इसी संदर्भ में मौजूदा RDA विवाद को लेकर भी सरकार पर तंज कसा।
पूर्व सीएम ने रसोई गैस और दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, LPG और दूध के दाम बढ़ने से आम लोगों पर महंगाई का असर बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए कदम उठाने की बात कही।
आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों पर हो रही कार्रवाई को लेकर पूर्व CM ने पूछा कि अगर अस्पतालों में अनियमितता थी तो सरकार ने तीन साल तक क्या किया? उन्होंने सरकार पर अपने विभागों के बजाय दूसरे मामलों में अधिक सक्रिय रहने का आरोप लगाया।
नगर निगम में महापौर और अधिकारियों के बीच चल रहे विवाद पर बघेल ने सरकार की कार्यप्रणाली पर तंज कसा। महानदी जल विवाद पर उन्होंने मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ के हित में फैसला कराने की मांग की।
धर्मांतरण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार से केवल चिंता जताने के बजाय ठोस कार्रवाई करने की मांग की।



