
जशपुरनगर -: सन्ना क्षेत्र में रविवार को हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की दर्दनाक घटना में 12 वर्षीय बालक प्रमोद राम (निवासी कप्तुरापाठ, जाति कोरवा) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र और परिवार में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद घायल परिवार के सभी छह सदस्यों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सन्ना लाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार रात लगभग 8:45 बजे घटना की पुष्टि हुई।घायलों में मृतक की माता बंधनी बाई भी शामिल थीं, जो अस्पताल पहुंचने पर अचेत अवस्था में थीं। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता से उनका उपचार प्रारंभ किया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। अन्य सभी घायलों का भी इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति अब स्थिर एवं बेहतर बताई जा रही है।

इस संबंध में डॉ. नितीश सोनवानी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित पक्के भवनों के अंदर ही रहें। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने पर खुले स्थानों में अनावश्यक रूप से न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे बरसात के दौरान विशेष सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।



