
जशपुरनगर -: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘विजय मार्च’ के तहत रविवार को जशपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने कुनकुरी में विजय मार्च निकाला। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यू.डी. मिंज के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-युवा, कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। मार्च कुनकुरी कन्या शाला मैदान से शुरू होकर जय स्तंभ चौक तक पहुंचा।
विजय मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के अधिकारों के समर्थन में नारे लगाए। मार्च में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं ने इसे छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपने विरोध को भी जाहिर किया।
कार्यक्रम में जशपुर के पूर्व विधायक विनय भगत, मनोज सागर यादव, हंसराज अग्रवाल, वाल्टर कुजूर, रवि शर्मा, संजय पाठक सहित जिला कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यू.डी. मिंज ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा देश के छात्रों और युवाओं के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लगातार छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया, जिसके दबाव में केंद्र सरकार को अंततः कार्रवाई करनी पड़ी।
यू.डी. मिंज ने कहा कि यह जीत केवल किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि सत्य, लोकतंत्र और जनआवाज की जीत है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों और युवाओं ने अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई और उनके संघर्ष को कांग्रेस पार्टी ने लगातार मजबूती से समर्थन दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हो रहे कथित हमलों के खिलाफ कांग्रेस आगे भी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी। मिंज ने कहा कि यह विजय मार्च केवल एक मंत्री के इस्तीफे का जश्न नहीं, बल्कि उन छात्रों और युवाओं के सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई।
मार्च के समापन अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने छात्रों एवं युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं से लोकतांत्रिक आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया गया। कांग्रेस ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।



