
जशपुरनगर -: जिले के सन्ना तहसील क्षेत्र से जमीन की कथित दोहरी रजिस्ट्री का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से एक ही जमीन की दो बार रजिस्ट्री कराई गई। मामले में पिछले एक साल से शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अब पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक जशपुर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के डीजीपी से भी शिकायत कर न्याय की मांग की है।
मामला ग्राम सन्ना स्थित खसरा नंबर 1764/2278/6, रकबा 0.29 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा है। दुलदुला निवासी रविकांत शर्मा, पिता विष्णु प्रसाद शर्मा, के अनुसार उन्होंने करीब 11 वर्ष पूर्व उक्त जमीन रमेश केशरी से खरीदी थी। पीड़ित का कहना है कि जमीन की बगीचा रजिस्ट्री कार्यालय में विधिवत रजिस्ट्री कराने के साथ नामांतरण की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी।
पीड़ित का आरोप है कि ऑनलाइन रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं होने का कथित रूप से फायदा उठाकर विक्रेता रमेश केशरी और उनके भतीजे प्रियांशु केशरी उर्फ रिशु केशरी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री करा दी। इसके बाद जमीन को प्रियांशु केशरी के नाम दर्ज कराने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर पीड़ित ने 17 जून 2025 को थाना सन्ना, 18 जून 2025 को पुलिस अधीक्षक जशपुर और 3 नवंबर 2025 को कलेक्टर जशपुर को लिखित शिकायत सौंपने की बात कही है। पीड़ित का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने डीजीपी छत्तीसगढ़ को भी शिकायत भेजकर पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने इस संबंध में अपना वीडियो भी जारी किया है।
आरोपी पर कई मामले लंबित होने का दावा
शिकायत में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि प्रियांशु केशरी उर्फ रिशु केशरी क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं और उनके खिलाफ तहसील न्यायालय, एसडीएम तथा कलेक्टर कार्यालय में जमीन संबंधी कई प्रकरण लंबित हैं। इसके अलावा मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और एट्रोसिटी एक्ट से जुड़े मामलों के न्यायालय में विचाराधीन होने का भी दावा शिकायत में किया गया है।
पीड़ित ने संबंधित मामलों में कार्रवाई और गिरफ्तारी की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
अब देखना होगा कि डीजीपी तक पहुंची इस शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन मामले की जांच किस स्तर पर करते हैं और कथित दोहरी रजिस्ट्री के मामले में क्या कार्रवाई सामने आती है।



