
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने 29 सितंबर को हथबंद रेलवे स्टेशन पर एंबुश टिकट चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 8 ट्रेनों में की गई जांच के दौरान कुल 191 मामले पकड़े गए। इन मामलों से रेलवे को 1 लाख 12 हजार 800 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
रेलवे के अनुसार अभियान का उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना था। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 105 यात्रियों से 72,930 रुपए का राजस्व वसूला गया।
इसके अलावा अनियमित टिकट के 44 मामलों में 32,070 रुपए और अधिक लगेज के 40 मामलों में 4,800 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। गंदगी फैलाने के एक मामले में 1,000 रुपए तथा धूम्रपान के एक मामले में 2,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
यह जांच अभियान 15 टिकट चेकिंग स्टाफ ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर चलाया। अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद, मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक-टिकट चेकिंग समेत 15 टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ के 2 कर्मचारी शामिल रहे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए उचित टिकट लें और रेल परिसर में प्रवेश से पहले प्लेटफॉर्म टिकट खरीदें। साथ ही ट्रेन और स्टेशन परिसर को साफ रखने में सहयोग करने को कहा गया है।
रायपुर मंडल का वाणिज्य विभाग समय-समय पर टिकट चेकिंग अभियान चलाकर यात्रियों को उचित टिकट लेने और सही कोच में यात्रा करने के लिए जागरूक करता है।



