HomeUncategorizedसाधुओं के भेष में ठगी: रायपुर में महिला से 150 ग्राम सोने...

साधुओं के भेष में ठगी: रायपुर में महिला से 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपए ठगे, 3 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक महिला से करीब 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपए ठग लिए गए। आरोपियों ने साधुओं के भेष में महिला के घर में प्रवेश किया और पूजा के नाम पर अलग-अलग समय में उससे जेवर लेते रहे।

घटना गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स की है। पुलिस शिकायत के अनुसार, मार्च 2026 में 3 आरोपी साधु बनकर नैना परमार के घर के आसपास पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी परेशानियों के बारे में ऐसी बातें बताईं, जिन्हें महिला ने अपनी निजी स्थिति से जोड़कर देखा। उसे लगा कि साधुओं को उसके बारे में विशेष जानकारी है।

इसके बाद आरोपियों ने पूजा कराने की बात कही। पहली बार उन्होंने करीब 3 ग्राम सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपए लिए। आरोपियों ने पूजा पूरी होने के बाद सामान लौटाने की बात कही। पुलिस शिकायत के अनुसार, करीब 10-12 दिन बाद आरोपी दोबारा पहुंचे और करीब 5 ग्राम की सोने की चेन ली। इसके बाद उन्होंने मोबाइल नंबर देकर फोन पर संपर्क बनाए रखा।

आरोप है कि दो सप्ताह के अंदर आरोपी घर आकर पूजा के नाम पर जेवर मांगते रहे। महिला ने करीब 7 बार में करीब 150 ग्राम सोने के जेवर दे दिए। इनमें अंगूठी, चेन, हार, चूड़ियां और कंगन शामिल हैं। आरोपियों ने महिला को बीमारी और आंखों की परेशानी ठीक करने के साथ परिवार की समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया था।

महिला के मुताबिक, आरोपी उसे डराते थे कि अगर जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में बड़ी अनहोनी हो सकती है। परिवार के किसी सदस्य की अकाल मौत तक होने की बात कही गई। डर के कारण महिला ने कई महीनों तक पति और परिवार को कुछ नहीं बताया।

7 सितंबर से आरोपी दोबारा सोने-चांदी के जेवर और कैश मांगने लगे। महिला ने सामान नहीं होने की बात कही, लेकिन फोन आते रहे। 25 सितंबर की रात पति जसवंत परमार के घर लौटने पर महिला ने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद पति गंज थाने पहुंचा।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर और बाकी तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular