HomeUncategorized25 करोड़ की रंगदारी मामले में आरोपी शोएब ढेबर फरार, पुलिस ने...

25 करोड़ की रंगदारी मामले में आरोपी शोएब ढेबर फरार, पुलिस ने आधा दर्जन ठिकानों पर दी दबिश; गोपनीय जानकारी लीक होने पर आरक्षक लाइन अटैच

कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की तलाश जारी है। रायपुर पुलिस ने बुधवार को उसके पाम बेलाजिओ स्थित ठिकाने, बैरन बाजार के पारिवारिक आवास समेत करीब आधा दर्जन जगहों पर दबिश दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही शोएब वहां से निकल गया था। पुलिस को अब उसके दूसरे राज्य में जाने की भी आशंका है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उसके बारे में जानकारी जुटा रही है।

शोएब के पुलिस की कार्रवाई से पहले ही फरार होने के मामले में पुलिस विभाग ने अपने ही एक आरक्षक पर कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात आरक्षक शिवम द्विवेदी को डीसीपी क्राइम ने लाइन अटैच कर दिया है। उस पर पुलिस की दबिश से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने में लापरवाही बरतने का आरोप है। हालांकि, इस कार्रवाई की पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस को आशंका है कि शोएब को कार्रवाई की जानकारी पहले ही मिल गई थी। इसके बाद उसने संभावित ठिकाने बदल दिए। अब जांच की जा रही है कि दबिश से संबंधित गोपनीय सूचना पुलिस विभाग के किस स्तर से बाहर गई और आरोपी तक कैसे पहुंची।

अदालत से शोएब को दोबारा गिरफ्तार करने की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की टीमें दूसरे राज्यों में भी उसके संभावित ठिकानों को लेकर जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को आनंद कुकरेजा को विदेशी नंबर से वाट्सऐप के जरिए धमकी दी गई थी। इसमें 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप है। रकम नहीं देने पर कुकरेजा और उनके परिवार को धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी। जांच में शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे छोड़ना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से उसकी दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति ली। अब उसकी तलाश के साथ पुलिस गोपनीय सूचना लीक होने के मामले की भी जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular