HomeUncategorizedई-पोस मशीन में नेटवर्क न होने से ग्राम पंचायत पंडरसिली के सैकड़ों...

ई-पोस मशीन में नेटवर्क न होने से ग्राम पंचायत पंडरसिली के सैकड़ों ग्रामीण राशन से वंचित.. कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ऑफलाइन राशन वितरण की मांग!

जशपुरनगर -: जिले के मनोरा विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत पंडरसिली में इन दिनों सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की व्यवस्था चरमरा गई है। ई-पोस (e-POS) मशीन में नेटवर्क न होने के कारण सैकड़ों ग्रामीणों को राशन नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से राशन दुकान में नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। ई-पोस मशीन के माध्यम से ही राशन वितरण किया जाता है, लेकिन नेटवर्क उपलब्ध न होने के कारण मशीन काम नहीं कर रही है। इसके चलते पात्र हितग्राहियों को उनका हक का अनाज नहीं मिल पा रहा है।

स्थिति से परेशान होकर ग्राम पंचायत पंडरसिली के ग्रामीणों ने एकजुट होकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने मांग की है कि जब तक नेटवर्क समस्या का समाधान नहीं हो जाता, तब तक ऑफलाइन माध्यम से राशन वितरण की व्यवस्था की जाए।
ग्रामीणों ने बताया कि कई परिवार ऐसे हैं जिनका जीवन-यापन पूरी तरह से राशन पर निर्भर है। ऐसे में राशन न मिलने से उनके सामने खाद्य संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

वहीं, इस मामले में स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन जल्द ही इस समस्या का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular