
जशपुरनगर-: छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त कराने के अभियान में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों की स्मृति में जशपुरनगर के जय स्तंभ चौक पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पिंकी गुप्ता, शारदा प्रधान सहित कई पदाधिकारियों ने भी भाग लेकर शहीद जवानों को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके साहस एवं त्याग को स्मरण किया। वातावरण देशभक्ति और सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा।

अपने संबोधन में विजय आदित्य सिंह जूदेव ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा और राष्ट्र उनकी वीरता को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि अब बस्तर क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने वीर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा देश में शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की।



