
जशपुरनगर -: पत्थलगांव जनपद पंचायत कार्यालय में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एसडीओ अमित कुमार देव और भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल के बीच तीखी बहस के बाद झूमाझटकी की स्थिति बन गई। घटना से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मामला एमबी (मेजरमेंट बुक) नहीं किए जाने को लेकर शुरू हुआ। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूरी घटना जनपद पंचायत के सीईओ के चैंबर में हुई।
भाजपा नेता अंकित बंसल ने एसडीओ पर गाली-गलौज, कमीशनखोरी और कार्यों में गड़बड़ी के आरोप लगाए। वहीं प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि विवाद कार्यप्रणाली और नियमों को लेकर हुआ, जिसे अनावश्यक रूप से तूल दिया गया।
मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं है।घटना के बाद क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद कार्यालय में इस प्रकार की घटना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। वही प्रशासन की ओर से मामले की आंतरिक जांच की संभावना जताई जा रही है।




