
कांकेर जिले में महाराष्ट्र बॉर्डर से लगे इरपनार गांव के पास बांडा नदी के कारका घाट में पिकनिक मनाने गए दो स्कूली छात्र तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद से दोनों छात्रों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, इरपनार हाईस्कूल के करीब 9 छात्र पिकनिक मनाने के लिए कारका घाट पहुंचे थे। सभी छात्र नदी के पास मौजूद थे। इसी दौरान कुछ छात्र नहाने के लिए पानी में उतरे।
नहाने के दौरान अचानक नदी का बहाव तेज होने से दो छात्र तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए। अन्य छात्रों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली और वे नदी के गहरे पानी में चले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नदी में दोनों छात्रों की तलाश शुरू की गई।
फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोग सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। दोनों छात्रों का पता लगाने के लिए नदी के आसपास के हिस्सों में लगातार तलाशी की जा रही है।
मामला बांदे थाना क्षेत्र का है।



