HomeUncategorizedकोंडागांव के मोहपाल में सरपंच हत्या मामले में सात आरोपी गिरफ्तार, अफेयर...

कोंडागांव के मोहपाल में सरपंच हत्या मामले में सात आरोपी गिरफ्तार, अफेयर की रंजिश में बनाई थी योजना

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहपाल के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की हत्या के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, सरपंच का आरोपियों के परिवार की एक महिला से अफेयर था और इसी रंजिश में आरोपियों ने सरपंच की हत्या की योजना बनाई। जांच के बाद पुलिस ने 1 अक्टूबर को सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट भेज दिया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में रखा गया है। हत्या में इस्तेमाल डंडा और लोहे का रॉड भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मोहपाल के सरपंच मंगल सिंह मरकाम (56) का शव बुधवार सुबह गांव के तालाब के पास मिला था। सरपंच के शरीर पर चोट के निशान मिले थे। परिजनों ने बताया कि मंगल सिंह मंगलवार शाम करीब 6 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वे पंचायत कार्यालय जा रहे हैं। देर रात तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिवार को लगा कि वे गांव में मौजूद दूसरे घर में रुक गए होंगे। बुधवार सुबह तालाब के पास मंगल सिंह के संदिग्ध हालत में पड़े होने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें फरसगांव अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर मंगल सिंह की बाइक मिली। वहीं खेत के किनारे रॉड और डंडे पड़े मिले। घटनास्थल पर खून के निशान और संघर्ष के संकेत मिलने के बाद परिजनों ने उनकी हत्या की आशंका जताई थी।

30 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे सीएचसी फरसगांव से बड़ेडोंगर पुलिस को घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश और अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। एफएसएल टीम, साइबर टीम, बड़ेडोंगर थाना और रक्षित केंद्र की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपियों के घर की महिला का सरपंच से अफेयर था। जांच के दौरान पुलिस ने संदेही मिट्ठू राम नेताम से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर डंडा और लोहे का रॉड बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, मिट्ठू राम नेताम ने परिवार के दूसरे सदस्य श्रवण कुमार नेताम, अमित कुमार नेताम, लखन नेताम, नवलू वट्टी, राकेश मंडावी और प्रभु लाल नेताम के साथ मिलकर सरपंच की हत्या की योजना बनाई। अफेयर से नाराज आरोपी परिवार सरपंच से नाराज था और इसी बात को लेकर हत्या की प्लानिंग की गई।

29 सितंबर को सरपंच के वहां आने की जानकारी मिलने पर सभी आरोपी पगडंडी के रास्ते और नदी किनारे जंगल में छिपकर बैठ गए। जैसे ही सरपंच वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और हाथ, थप्पड़, चप्पल, डंडे और लोहे के रॉड से मारपीट की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सरपंच के हाथ बांध दिए और उसके साथ फिर मारपीट की। इसके बाद उसे घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया। आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहीं मौजूद रहे और सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।

इधर, बुधवार सुबह जब परिजनों को तालाब के पास सरपंच मंगल सिंह के संदिग्ध हालत में पड़े होने की सूचना मिली, तो परिजन मौके पर पहुंचे और सरपंच को घायल हालत में फरसगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने 1 अक्टूबर को मिट्ठू राम नेताम (45), श्रवण कुमार नेताम (20), अमित कुमार नेताम (20), लखन नेताम (25), नवलू वट्टी (28), राकेश मंडावी (21) और प्रभु लाल नेताम (20), सभी निवासी ग्राम मोहपाल, को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में बड़ेडोंगर थाने में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान धारा 61(2)(क) और 191(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular