HomeUncategorizedपेंड्रा में जर्जर सड़कों को लेकर PWD कार्यालय का घेराव, 8 तारीख...

पेंड्रा में जर्जर सड़कों को लेकर PWD कार्यालय का घेराव, 8 तारीख तक मरम्मत का अल्टीमेटम

पेंड्रा नगर की जर्जर सड़कों से नाराज नगरवासियों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन अभियंता कार्यालय का घेराव किया। नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान और इकबाल सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कार्यालय पहुंचे और सड़क को जल्द दुरुस्त करने की मांग करने लगे।

प्रदर्शनकारियों ने 8 तारीख तक सड़क सुधारने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दुर्गा मंदिर पेंड्रा से सेमरा तिराहा तक सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। लोगों का कहना है कि मरम्मत के नाम पर गड्ढों में डामर या मजबूत मटेरियल डालने के बजाय सिर्फ धूल और मिट्टी डाली जा रही है। इससे गड्ढे पूरी तरह बंद नहीं हो रहे और वाहनों के गुजरते ही धूल का गुबार उठता है।

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान इस मार्ग पर आवागमन बढ़ेगा, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।

प्रदर्शनकारियों के पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस ने PWD कार्यालय के पहले ही बैरिकेडिंग कर दी और लोगों को कार्यालय के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों की कार्यपालन अभियंता नित्या ठाकुर से ऑनलाइन चर्चा कराई गई।

चर्चा के दौरान कुछ बिंदुओं को लेकर प्रदर्शनकारी नाराज हो गए और उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने स्पष्ट कहा कि 8 तारीख तक सड़क को दुरुस्त किया जाए, अन्यथा आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने PWD के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जिस सड़क के गड्ढों को धूल-मिट्टी से बंद किया जा रहा है, उसी विभागीय कार्यालय परिसर में सुधार के लिए बेहतर मटेरियल का इस्तेमाल किया जा रहा है।

नगरवासियों ने सड़क की स्थायी मरम्मत कराने और नवरात्रि से पहले मार्ग को आवागमन के योग्य बनाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular