HomeUncategorizedराज्यपाल रमेन डेका ने 41 इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर से मुलाकात की, बस्तर...

राज्यपाल रमेन डेका ने 41 इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर से मुलाकात की, बस्तर के बदलावों को देश-दुनिया तक पहुंचाने पर जोर

राज्यपाल रमेन डेका ने गुरुवार को दिल्ली से आए 41 इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के बाद आए बदलावों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि माओवाद का प्रभाव कम होने के साथ बस्तर में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है तथा लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर के बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा है और गांवों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ने से विकास की गति और तेज होगी।

सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर पहुंचे इन इन्फ्लुएंसर ने तीन दिन बस्तर में बिताए। इस दौरान उन्होंने माओवाद प्रभावित रहे क्षेत्रों, गांवों और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद किया।

इन्फ्लुएंसर ने बताया कि उन्हें बस्तर में शांति और सुकून का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता के साथ सड़क संपर्क और पुनर्वास व रोजगार के प्रयास भी नजर आए।

पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने बताया कि इन 41 इन्फ्लुएंसर के इंटरनेट मीडिया मंचों से पांच करोड़ से अधिक लोग जुड़े हैं।

इन्फ्लुएंसर ने बस्तर में अपने अनुभवों को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से साझा करने की बात कही है। इससे बस्तर में आए सकारात्मक बदलाव की तस्वीर देश और दुनिया के सामने आएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular