HomeUncategorizedसूरजपुर में ट्रक पलटने पर खुला गांजा तस्करी का राज, 238 किलो...

सूरजपुर में ट्रक पलटने पर खुला गांजा तस्करी का राज, 238 किलो गांजा बरामद, ड्राइवर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के घाट पेंडारी में उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा एक ट्रक पलट गया। ट्रक में प्लास्टिक दाना की बोरियां भरी हुई थीं, लेकिन कुछ बोरियों को अलग रखने पर लोगों को शक हुआ। जांच करने पर 238 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत 1 करोड़ 19 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर सुनील कुमार (32) निवासी अलीगढ़, उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है। वह अपने साथी के साथ मिलकर तस्करी कर रहा था। पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। मामला चंदौरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर को अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर घाट पेंडारी के मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक UP 13 T 5497 पलट गया था। ट्रक के ड्राइवर सुनील कुमार ने ट्रक को क्रेन के जरिए उठवाया और बिखरी बोरियों को मजदूरों से उठवा रहा था। ट्रक में प्लास्टिक दाने भरे हुए थे। सुनील कुमार ने ट्रक में लदी कुछ बोरियों को अलग रखकर उसे प्लास्टिक के तिरपाल से ढंककर छिपा दिया था। जिस कारण उसमें संदिग्ध सामान होने का शक लोगों को हुआ और सूचना चंदौरा पुलिस को दी गई।

सूचना पर चंदौरा थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक के अगल-बगल जमीन पर प्लास्टिक दाना की बोरियां रखी थीं, लेकिन मौके पर ट्रक ड्राइवर और बाकी लोग नहीं मिले। आस-पास की तलाशी लेने पर पुलिस को 9 बोरियों में भरे कुल 238 किलो 290 ग्राम गांजा मिला। जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख बताई गई है।

ट्रक में प्लास्टिक दाना लोड होने के कारण किसी को शक नहीं हुआ और वे आसानी से रायगढ़ के रास्ते सरगुजा जिला पार कर सूरजपुर पहुंच गए थे। यदि हादसा नहीं होता तो आरोपी पकड़े भी नहीं जाते।

पुलिस ने फरार आरोपी सुनील कुमार को पकड़ लिया है। सुनील कुमार ने बताया कि ट्रक अलीगढ़, उत्तरप्रदेश निवासी उसके साथी के नाम पर रजिस्टर्ड है। वे दोनों मिलकर ट्रक चलाते हैं। आरोपी ने बताया कि ट्रक में ओडिशा से प्लास्टिक दाना के साथ गांजा रखकर लखनऊ, उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे। पेण्डारी घाट में ट्रक के पलटने के बाद उन्होंने गांजा को सड़क किनारे गड्ढे में छिपाकर तिरपाल ढंक दिया था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

इससे संबंधित एक अन्य घटना में छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में पुलिस ने दो पिकअप से 9 क्विंटल 19 किलो गांजा जब्त किया है। जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख रुपए बताई गई है। गांजा ओडिशा से कपड़े के गट्ठों के बीच में छिपाकर मध्यप्रदेश के कटनी ले जाया जा रहा था। इस मामले में कपड़ों की गठरियों में छिपाया साढ़े 4 करोड़ का गांजा बरामद हुआ और छत्तीसगढ़ के रास्ते ओडिशा से मध्यप्रदेश जा रहे 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 2 महिलाएं शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular