
जशपुरनगर -: जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ कुनकुरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सब्जी से भरी एक पिकअप वाहन से 200 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा सब्जियों की आड़ में गांजे की बड़ी खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाई जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से जशपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने साइबर सेल की टीम की मदद से संदिग्ध वाहन की गतिविधियों पर नजर रखी और घेराबंदी कर पिकअप वाहन को पकड़ा।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें सब्जियों के बीच गांजा छिपाकर रखा गया था। तलाशी के दौरान 200 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की मात्रा अभी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिसे लेकर पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर जशपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश जा रहे थे। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को सब्जियों के बीच छिपाया था, लेकिन मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया।
फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। कुनकुरी पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।



