
जय स्तंभ चौक में आदिवासी समाज ने धरती आबा बिरसा मुंडा को किया नमन, युवा नेता जयंत लकड़ा ने जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का किया आह्वान
जशपुरनगर – भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर कुनकुरी के जय स्तंभ चौक में आदिवासी समाज द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने धरती आबा बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में बिरसा मुंडा अमर रहें के गगनभेदी नारों से पूरा कुनकुरी शहर गूंज उठा।इस अवसर पर युवा नेता जयंत लकड़ा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक योगदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा दी।
निर्माणाधीन पुस्तकालय का नाम बिरसा मुंडा के नाम पर रखने की मांग
युवा नेता जयंत लकड़ा ने कुनकुरी में निर्माणाधीन पुस्तकालय का नाम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर रखने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के नाम पर पुस्तकालय का नामकरण करना उनके विचारों, संघर्ष और समाज के प्रति योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे आने वाली पीढ़ियों को भी उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।
आदिवासी समाज से एकजुट रहने की अपील
जयंत लकड़ा ने आदिवासी समाज के लोगों से संगठित और एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि समाज को अपने जल, जंगल, जमीन और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और जागरूकता ही समाज की मजबूती का आधार है।
समाज के पदाधिकारी और सदस्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक डॉ. पीसी कुजूर, आदिवासी समाज के ब्लॉक अध्यक्ष श्याम सुंदर मरावी, अभिनन्द खलखो, राधेश्याम बैगा, वाल्टर, हेमंत कुंजूर, कुंदन पन्ना, सुमीत सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान सभी ने धरती आबा बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए योगदान को याद किया। साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज की एकता एवं अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।



