
जशपुरनगर -: होली पर्व को शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया।
रविवार को जिला मुख्यालय में जिला कांग्रेस पार्टी के निर्माणाधीन भवन सहित नगर के 12 वार्डों में एक साथ सघन दबिश दी गई, जिसमें 60 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
इस विशेष कार्रवाई के दौरान 50 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। साथ ही लगभग 5000 किलो महुआ पास (लाहन), जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है, को मौके पर ही नष्ट किया गया।प्रकरण में 2 महिलाओं एवं 5 पुरुषों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली के दौरान नशे से दूर रहें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं।




