HomeUncategorizedटोनही के संदेह में बुजुर्ग की बोलेरो से कुचलकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

टोनही के संदेह में बुजुर्ग की बोलेरो से कुचलकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

जशपुरनगर। बगीचा थाना क्षेत्र के डाहीडांड में पत्नी को टोनही कहकर प्रताड़ित करने से भड़के ग्रामीण ने पड़ोस में रहने वाले 68 वर्षीय जोयो राम को बोलेरो से कुचलकर मार डाला। घटना के बाद से आरोपित फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 68 वर्षीय जोयोराम मंगलवार की शाम को घर से गांव के आखिरी छोर में स्थित मक्के की खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान आरोपित तेजी से अपना बोलेरो चलाते हुए आया और बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर मची अफरातफरी का फायदा उठाते हुए आरोपित बोलेरो समेत घटना स्थल से फरार हो गया। मृत बुजुर्ग के स्वजनों का आरोप है कि आरोपित के घर में आए दिन कोई न कोई सदस्य बीमार रहता है। इस पर वह मृत बुजुर्ग की पत्नी पर टोनही होने का संदेह करता था।

स्वजनों के अनुसार इस बात को लेकर मृतक के साथ आरोपित का कई बार विवाद हो चुका था। इसी कारण आरोपित ने जानबूझकर बुजुर्ग को कुचलकर हत्या की है। मृतक के स्वजन लगातार बीमार पड़ रहे थे, जिसको लेकर आरोपित उसकी पत्नी पर जादू टोना का आरोप लगाते हुए उसे टोनही कहता था।

एसएसपी डा लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 के अंतर्गत हत्या का अपराध कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जांच में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में हत्या के कुल 58 प्रकरण दर्ज हुए थे। इनमें गिरफ्तार प्रकरण 53 में 66 आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इनमें से 32 मामले पारिवारिक विवाद से जुड़े हुए थे। इनमें टोनही, जादू टोना के साथ संपत्ति विवाद और शराब के नशे में होने वाले विवाद शामिल हैं।

टोनही के संदेह में जिले में हुए चर्चित मामलों में मार्च 2023 में कांसाबेल थाना क्षेत्र के सूजीबहार और नवंबर 2023 में नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोड़ालता गांव में एक महिला की हत्या का मामला शामिल है।

‘मामले में आरोपित के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।’ डा लाल उमेद सिंह, एसएसपी, जशपुर।

RELATED ARTICLES

Most Popular